Shillai: शिलाई काॅलेज में करियर काउंसिलिंग एवं पर्सनल पर्सनल डेवलपमेंट सेमिनार का आयोजन ddnewsportal.com

Shillai: शिलाई काॅलेज में करियर काउंसिलिंग एवं पर्सनल पर्सनल डेवलपमेंट सेमिनार का आयोजन ddnewsportal.com

Shillai: शिलाई काॅलेज में करियर काउंसिलिंग एवं पर्सनल पर्सनल डेवलपमेंट सेमिनार का आयोजन

गिरिपार क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय शिलाई के करियर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा Chitkara University के सहयोग से एक दिवसीय करियर काउंसिलिंग एवं पर्सनल डेवलपमेंट सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। इस सेमिनार का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को करियर विकल्पों, व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. आर. कश्यप ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों के लिए सही मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को आत्मविश्वास बढ़ाने और लक्ष्य निर्धारण में सहायता प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. संसार चंद द्वारा किया गया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. संजीव साहनी ने छात्र-छात्राओं को पर्सनल डेवलपमेंट और करियर काउंसिलिंग विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सकारात्मक सोच, प्रभावी संवाद कौशल, समय प्रबंधन तथा आत्म-मूल्यांकन जैसे पहलू विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों और रोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।

तत्पश्चात वक्ता स्वर्ण कुमार ने ओवरथिंकिंग, डिप्रेशन एवं तनाव जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर, स्वयं से संवाद करके, नियमित दिनचर्या, योग-प्राणायाम तथा लक्ष्य-निर्धारण के माध्यम से इन मानसिक समस्याओं से बाहर निकला जा सकता है। उनके प्रेरणादायक विचारों से छात्र-छात्राओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।


सेमिनार के दौरान विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा अपने करियर व मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक वर्ग एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।